शिक्षक मोर्चा ने निर्वाचन ड्यूटी में विसंगति पर ध्यान आकृष्ट कराया

जांजगीर।शिक्षक संघर्ष मोर्चा के जिला संचालन संतोष शुक्ला,सत्येंद्र सिंह,जिला उप संचालक डॉ. बोधी राम साहू,संतोष तिवारी सहित मोर्चा पदाधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल ने आकांक्षा पाण्डेय डिप्टी कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा,सौंपे गए ज्ञापन में शिक्षक मोर्चा की मांग पर संवेदनशील रवैया अपनाते हुए महिला मतदान कर्मियों को मतदान दल के दायित्व से मुक्त रखा गया है इसके लिए मोर्चा की ओर से धन्यवाद आभार ज्ञापित किया गया। साथ ही जारी वर्तमान मतदान दल सूची में विसंगतियों की ओर ध्यान आकृष्ट करते हुए शीघ्र निराकरण किए जाने का आग्रह किया गया। जिसमें मतदान दल में शामिल कर्मचारियों की ड्यूटी की समीक्षा करते हुए उनके निवास स्थान के नगरीय व जनपद पंचायत चुनाव के दिन मतदान कार्य से पृथक रखा जाए, जिससे वह स्थानीय निर्वाचन में अपने मताधिकार का उपयोग कर सके। वही एक ही कर्मचारियों की ड्यूटी त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन 2025 में दो पृथक पृथक रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा अलग-अलग जनपदों में लगाई गई है जिसका प्रशिक्षण एक ही दिनांक में होना है अतः ऐसे कर्मचारियों की ड्यूटी सुधार कर एक जनपद में रखा जाए, जिन कर्मचारियों की ड्यूटी नगरीय निकाय निर्वाचन 2025 में लगी है उनको यथासंभव त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन से मुक्त रखा जाए।कुछ जनपद पंचायत में महिला कर्मचारियों को जनपद पंचायत के कर्मचारियों द्वारा उनके पूर्व में दिए गए ड्यूटी काटने की आवेदन के आधार पर फोन करके बुलाया जा रहा है जबकि जिला प्रशासन द्वारा महिला कर्मचारियों की ड्यूटी से मुक्त किया गया है ऐसी घटना बलौदा जनपद पंचायत में हो रही है अतः इसकी जांच की जावे और कर्मचारियों का भय दोहन बंद किया जाए। स्वास्थ्यगत कारणों से जिन कर्मचारियों ने मतदान दल से पृथक करने का आवेदन दिया था जिसकी मेडिकल बोर्ड से जांच कराई जा चुकी है ऐसे कर्मचारियों का नाम मतदान दल सूची से काटा जाए वर्तमान में नगरीय निकाय चुनाव और पंचायत चुनाव साथ-साथ होने के कारण कुछ कर्मचारियों की बार बार ड्यूटी लग जा रही है और कुछ कर्मचारियों की ड्यूटी छूट जा रही है ऐसे लोगों की सूची की जांच कर कर्मचारी की ड्यूटी लगाने में समानता रखी जाए। वर्तमान में जनपद पंचायत के मतदान दल की जारी सूची में कनिष्ठ और निचले क्रम के कर्मचारियों को पीठासीन अधिकारी बनाया गया है जबकि उसी दल में क्रमांक एक, दो और तीन में वरिष्ठ और अनुभवी प्राचार्य व्याख्याता स्तर के अधिकारी कर्मचारी को रखा गया है, जिससे प्रोटोकॉल नियम का पालन नहीं हुआ है ऐसे दल की जांच कर कर्मचारियों को उनके अनुभव एवं पद अनुरूप दायित्व प्रदान किया जावे । मतदान दल में शामिल कर्मचारियों की ड्यूटी की समीक्षा करते हुए मतदान दल को मतदान केंद्र पर पहुंचने पर दैनिक आवश्यकता में सहयोग करने हेतु स्थानीय पंचायत सचिव, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, रसोईया को आदेशित किया
जाए जिससे मतदान दल को मतदान केंद्र में किसी प्रकार की अ सुविधा न हो।




