Uncategorized

व्यक्तिगत  स्वच्छता एवं पॉइंट 22 राइफल के बारे में कैडेटों की ली गई कक्षाएं

जांजगीर कुटरा।एनसीसी का मूल उद्देश्य राष्ट्र की सुरक्षा की जिम्मेदारी से कैडेटों को अवगत कराना तो होता है परंतु इसके अलावा व्यक्तिगत एवं सामूहिक सुरक्षा के बारे में उन्हें परिचय कराना भी होता है। यही वह समय होता है जब अपनी सुरक्षा व देश की सुरक्षा के लिए सजग रखने हेतु जिम्मेदार हाथों में हथियार की जानकारी देना और उसको चलाने संबंधी ज्ञान देना भी जरूरी होता है। इन्हीं सब बातों को ध्यान में रखते हुए पंडित राम सरकार शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुटरा में एनसीसी कैडेटों की कक्षाएं एनसीसी अधिकारी अनुराग तिवारी एवं पी आई स्टाफ मुस्तफा जी के द्वारा ली गई। कक्षा की शुरुआत करते हुए मुस्तफा जी ने बच्चों को परेड के बारे में न केवल जानकारी प्रदान की अपितु किस प्रकार एक ट्रुप के रूप में खड़े होते हैं,इसके बारे में व्यवहारिक ज्ञान भी दिया। एनसीसी कैडेट कुमारी पायल के नेतृत्व में सभी लोगों ने मार्च पास्ट एवं ड्रिल संबंधी अनेक नियमों को सीखा। इसके उपरांत एनसीसी अधिकारी श्री अनुराग तिवारी जी के द्वारा कैडेटों को व्यक्तिगत स्वच्छता संबंधी अनेक जानकारियां प्रदान की। उन्होंने बताया कि स्वच्छता के लिए कौन से मापदंड होते हैं और किस प्रकार से हमें अपनी व्यक्तिगत स्वच्छता पर ध्यान देना चाहिए। स्वस्थ शरीर से ही स्वस्थ मन का विकास होता है यदि हम व्यक्तिगत स्वच्छता पर ध्यान देंगे तो हमारा स्वास्थ्य बेहतर होगा और स्वास्थ्य यदि बेहतर हुआ तो हमारा मन भी विकास की ओर अग्रसर होगा। विद्यालय के कैडेट गुलजार कुमार ने कहा कि हमने आज व्यक्तिगत स्वच्छता संबंधी जो जानकारी प्राप्त की उसमें सर जी के द्वारा जो संतुलित भोजन के विषय में जानकारी प्रदान की गई वह सबसे महत्वपूर्ण लगी। कुमारी इशिका ने बताया कि स्वच्छता के बारे में हम पूर्व में जानते थे परंतु स्वच्छता के बारे में गहराई से जो बातें इस कक्ष में सीखने को मिली वह अनूठी थी। सूरज कुमार ने कहा कि राइफल के बारे में आज मुस्तफा सर ने भी बहुत अच्छी जानकारी प्रदान की हमें किस प्रकार से लक्ष्य निर्धारित करना है और हथियार के संचालन की जानकारी जो उन्होंने दी वह बहुत महत्वपूर्ण लगी। काँछी खरे जी ने कहा कि एनसीसी की कक्षाएं अब मुझे दूसरी कक्षाओं से बेहतर लगने लगी हैं, मैं प्रयास करती हूं कि इस कक्षा में अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करूं। रुद्र प्रताप ने कहा कि भविष्य में आगे बढ़ाने के लिए एनसीसी की कक्षाएं मुझे प्रेरणा प्रदान करने में सहायक लगती हैं।
इस प्रकार एनसीसी कैडेट को महत्त्वपूर्ण दिशा निर्देश देने का काम विद्यालय में चल रहा है जो बच्चों के भविष्य के विकास के लिए आवश्यक है।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button