Uncategorized

भगवान जगन्नाथ जी के प्रसाद को याद किया आचार्य प्रदीप मिश्रा जी ने

शिवरीनारायण में लगभग 10 वर्ष पहले शिव महापुराण की कथा का आयोजन राघव मित्र मंडल के द्वारा किया गया था। तब आचार्य मिश्रा जी भगवान शिवरीनारायण के दर्शन के लिए अपने सहयोगियों सहित उपस्थित हुए थे। उस समय की घटना का स्मरण आचार्य जी ने होलेकसा में कथा का रसपान कराते हुए किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार राजनादगांव जिले के छुरिया विकासखंड अंतर्गत स्थित ग्राम होलेकसा में श्री शिव महापुराण कथा आयोजित है। यहां आचार्य प्रदीप मिश्रा जी श्रद्धालु भक्तों को शिव महापुराण की कथा सुना रहे हैं। छठवें दिवस महामंडलेश्वर राजेश्री महन्त रामसुन्दर दास जी महाराज कथा श्रवण करने के लिए उपस्थित हुए। उन्होंने व्यास पीठ का शाल, श्रीफल से सम्मान किया। आचार्य मिश्रा जी ने भी पुष्पमाला भेंट कर अभिवादन किया। इस अवसर पर आचार्य जी ने व्यास पीठ से बीते हुए वर्षों की घटना को याद करते हुए कहा कि- सन 2015 में शिवरीनारायण में कथा कहने का शुभ अवसर प्राप्त हुआ था तब भगवान शिवरीनारायण के दर्शन के लिए हम लोग गए थे,आदरणीय महाराज जी ने सुंदर कांसे की थाली, कटोरी में भगवान जगन्नाथ जी का प्रसाद हम सब को खिलाया था। कांसा के लोटा में हमें जल दिया गया था। उन्होंने कहा कि- आदरणीय महाराज जी जहां कहीं भी छत्तीसगढ़ में हमारी कथा होती है वहां एक- न -एक दिन आवश्यक पधारते हैं। उनकी बड़ी कृपा हम सभी लोगों पर है। उन्होंने श्रोताओं से जोरदार ताली के साथ महाराज जी का स्वागत करने के लिए आग्रह किया। उल्लेखनीय है कि- शिवरीनारायण में आयोजित कथा में अत्यधिक व्यस्त होने के पश्चात भी पूरे सात दिवस तक उपस्थित होकर महाराज जी ने कथा श्रवण किया था। राजेश्री महन्त जी महाराज के साथ मीडिया प्रभारी निर्मल दास वैष्णव, हर्ष दुबे विशेष रूप से उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button