शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुटरा के बच्चे चंद्रयान की सफलता कहानी देखकर हुए हर्षित

शासन की योजना के अनुसार प्रत्येक विद्यालयों में चंद्रयान पर शासन द्वारा प्रदत्त की गई वीडियो का प्रदर्शन किया गया। इस प्रदर्शन के माध्यम से बच्चों को चंद्रयान की लैंडिंग कैसे की गई इसके बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इस कड़ी में पंडित राम सरकार पांडेय शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुटरा में विज्ञान विभाग के द्वारा चंद्रयान पर आधारित प्रदर्शनी और वीडियो का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के संचालक भौतिक विज्ञान के व्याख्याता श्री महावीर विजर्सन और रसायन विज्ञान के व्याख्याता श्री मकरम कमलाकर विशेष रूप से शामिल रहे।कार्यक्रम में संयोजक के रूप में राज्यपाल पुरस्कृत की व्याख्याता श्री अनुराग तिवारी जी की अहम भूमिका रही। कार्यक्रम की शुरुआत में सर्वप्रथम चंद्रयान के विषय में बच्चों ने अपना ज्ञान साझा किया। अगले चरण में कक्षा 12वीं की छात्रा कुमारी मनोरमा सूर्यवंशी ने चंद्रयान की शुरुआत कब से हुई इसके बारे में अपने विचार व्यक्त किये . इसके तुरंत बाद गोकुल प्रसाद साहू ने चंद्रयान पर आधारित अपनी समीक्षा रिपोर्ट प्रस्तुत की। विद्यालय की छात्रा कुमारी आकांक्षा शर्मा के द्वारा चंद्रयान मिशन पर आधारित रोवर विक्रम लेंडर व प्रज्ञान की चित्र प्रदर्शनी प्रस्तुत की गई। विद्यालय के व्याख्याता श्री मकरम कमलाकर ने चंद्रयान के विषय में प्रश्नोत्तरी के आयोजन का संचालन किया जिसमें छात्रों ने बड़े ही हर्ष पूर्वक अपनी सहभागिता निभाई। इसमें चंद्रयान विषय के निर्देशन के साथ-साथ उसमें सहभागिता निभाने वाले अन्य विद्वानों के नाम से संबंधित प्रश्न पूछे गए। भौतिक विज्ञान के व्याख्याता श्री महावीर विजर्सन जी ने विज्ञान के विषय में बताया कि विज्ञान का ज्ञान रोज का रोज परिवर्तित हो रहा है हम एक ऐसी दुनिया में जीवन यापन कर रहे हैं जिसमें विज्ञान के हर ज्ञान को परखा औऱ गहराई से समझने का प्रयास किया जा रहा है।इसके उपरांत इस कार्यक्रम के संयोजक श्री अनुराग तिवारी राज्यपाल पुरस्कृत व्याख्याता ने बच्चों को चंद्रयान के विषय के अलावा विज्ञान के विकास के विषय में संक्षिप्त जानकारी देते हुए उसे जीवन से जोड़ने का प्रयास किया। बच्चों ने गंभीरता पूर्वक उनकी बात को आत्मसात किया। इस प्रकार से चंद्रयान मिशन के बारे में शासन की इस महत्वपूर्ण परियोजना और भारत में अंतरिक्ष विज्ञान कार्यक्रम के बारे में बहुत ही सटीक जानकारी बच्चों को प्राप्त हुई। आज के इस कार्यक्रम में विद्यालय के प्रभारी व्याख्याता श्री लोकपाल सिंह, व्याख्याता श्री अवधेश शर्मा श्री उमेश कुमार चौबे, श्रीमती काजल कहरा, श्रीमती चंद्रावती रात्रे, विद्यालय के कर्मचारी श्री संदीप कुमार कश्यप, श्री भुवनेश्वर कश्यप सहित ग्राम के अनेक लोग चंद्रयान मिशन की सफलता को देखने के लिए विद्यालय प्रांगण में उपस्थित रहे।