5वी 8वी केंद्रीकृत परीक्षा में व्याख्याता को केंद्राध्यक्ष नहीं बनाने की मांग

जांजगीर।जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा 5 वी 8वी केंद्रीकृत परीक्षा के लिए केन्द्राध्यक्षों की सूची जारी की गई है,जिसमें व्यापक विसंगति है ।इस पर शिक्षक संघर्ष मोर्चा के जिला संचालक सत्येंद्र सिंह,संतोष शुक्ला,विकास सिंह जिला उप संचालक डॉ.बोधी राम साहू,योगेन्द्र शुक्ला सहित पदाधिकारियों ने डीईओ में ज्ञापन सौंपकर मांग रखी है कि वर्तमान में माध्यमिक शिक्षा मंडल रायपुर छत्तीसगढ़ द्वारा 10 वीं व 12 वी बोर्ड की परीक्षा ली जा रही है जिसमें अधिकांश व्याख्याता का केंद्राध्यक्ष व उप केंद्राध्यक्ष के रूप में ड्यूटी लगी हुई है।जिसका परीक्षा का समय सुबह 9 से 12.15 है, वही 5 वी व 8वी केंद्रीकृत परीक्षा का समय भी सुबह ही है जो 17 मार्च से होना है।जिसमें व्याख्याता को केंद्राध्यक्ष बना दिया गया है। एक साथ 2 जगह कार्य कर पाना असंभव है,वहीं 20 मार्च से 10 वीं 12 वी मूल्यांकन कार्य प्रारंभ होने को है जो अनिवार्य कार्य है तथा 9 वी व 11 वी स्थानीय स्तर की परीक्षाएं भी संचालित होना है जिसका समय सारणी भी जारी हो चुका है।अतएव व्याख्याता को 5 वी 8 वी परीक्षा केंद्राध्यक्ष न बनाया जावे।वहीं संकुल स्तर पर पहले 5 वी 8 वी केंद्राध्यक्ष की व्यवस्था की जानी चाहिए जो नहीं की गई है विशेषकर बलौदा ब्लॉक में महिला शिक्षकों को एक संकुल से दूसरे संकुल में केंद्राध्यक्ष की ड्यूटी लगाई गई है,जो गलत है ,इसमें सुधार करने की मांग मोर्चा ने रखी है।