महास्नान पूर्णिमा का पर्व श्रद्धा भक्ति पूर्वक संपन्न

राजधानी रायपुर के पुरानी बस्ती, टुरी हटरी स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर में स्नान पूर्णिमा का पर्व श्रद्धा भक्ति पूर्वक मनाया गया। भगवान श्री जगन्नाथ जी, माता सुभद्रा एवं बलदाऊ भैया का विधिवत मंत्रोच्चार के साथ आरती पूजन एवं महास्नान का पर्व संपन्न हुआ। इस अवसर पर राजेश्री महन्त रामसुन्दर दास जी महाराज ने सबसे पहले विधिवत पूजा अर्चना की भगवान को स्नान कराया तत्पश्चात श्रद्धालु भक्तों ने भी बारी-बारी से भगवान को बहुत ही श्रद्धा भक्ति पूर्वक पूर्णिमा स्नान कराके पुण्य लाभ प्राप्त किया। इस संदर्भ में राजेश्री महन्त जी महाराज ने कहा कि – प्रत्येक वर्ष ज्येष्ठ पूर्णिमा को महास्नान पूर्णिमा के रूप में मनाया जाता है। इस दिन भगवान जगन्नाथ जी, माता सुभद्रा एवं बलदाऊ जी का महास्नान कराया जाता है। मान्यता यह है कि श्रद्धालु भक्तों के द्वारा अत्यधिक स्नान से भगवान के स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव के कारण उन्हें कुछ दिनों तक एकांतवास में रखकर भगवान की सेवा की जाती है, पूर्ण स्वस्थ होने के पश्चात भगवान अपने भक्तों को दर्शन देने के लिए उनके दरवाजे तक जाते हैं।इस पर्व को हम रथ यात्रा के रूप में मानते हैं। भगवान श्री जगन्नाथ जी, माता सुभद्रा एवं बलदाऊ जी के साथ एक सप्ताह तक जनकपुर में निवास करते हैं तत्पश्चात वे पुनः अपने निर्धारित स्थान पर विराजते हैं। उल्लेखनीय है कि प्रत्येक वर्ष ज्येष्ठ पूर्णिमा को स्नानपूर्णिमा का पर्व संपन्न होता है। महास्नान के पावन पर्व पर विशेष रूप से तिलक दास जी, राजेश अग्रवाल, विजय पाली, कान्हा उपाध्याय, प्रकाश ठाकुर, संदीप वर्मा, प्रवीण सोनी ,अरुण साहू, मीडिया प्रभारी निर्मल दास वैष्णव, हर्ष दुबे सहित अनेक गणमान्य नागरिक गण उपस्थित थे।




