राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर संकुल बिर्रा के कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय बिर्रा में विज्ञान मेला का आयोजन

राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप अनुभवात्मक एवं प्रयोग आधारित शिक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विकासखंड बम्हनीडीह के संकुल बिर्रा कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में विज्ञान मेले का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। इस आयोजन में विद्यार्थियों ने विभिन्न वैज्ञानिक अवधारणाओं पर आधारित स्टॉल लगाकर अपनी समझ, जिज्ञासा और रचनात्मकता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
विज्ञान मेले के अंतर्गत विद्यार्थियों ने अम्ल एवं क्षार, विद्युत परिपथ,सुचालक एवं अचालक,पृथक्करण की विधियाँ,चुंबक के गुण तथा सूक्ष्मदर्शी के माध्यम से कोशिकीय संरचना के अवलोकन जैसे विषयों पर गतिविधि आधारित प्रस्तुति दी।विद्यार्थियों ने स्वयं प्रयोग करके न केवल अवधारणाओं को समझा, बल्कि उपस्थित शिक्षकों एवं अन्य विद्यार्थियों को भी सरल भाषा में समझाया।
इस अवसर पर संकुल अंतर्गत विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक,पालक गण,SMC सदस्य भी बढ़ चढ़ कर भाग लिया।
मेले का वातावरण पूर्णतः शिक्षण–अधिगम की प्रयोगशाला में परिवर्तित दिखाई दिया,जहाँ बच्चों की जिज्ञासा,आत्मविश्वास और तार्किक सोच स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुई।
यह आयोजन विकासखंड के शिक्षा अधिकारी, विकासखंड स्त्रोत समन्वयक (BRCC),संकुल समन्वयक(CAC),संकुल प्राचार्य(CRC),संस्था प्रमुख, एवं विज्ञान शिक्षकों के मार्गदर्शन और सक्रिय सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।उनके समन्वित प्रयासों से विद्यालयों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण एवं प्रयोग आधारित शिक्षण को सशक्त आधार मिला है।
विज्ञान मेले ने विद्यार्थियों में वैज्ञानिक चिंतन,विश्लेषण क्षमता तथा संवाद कौशल के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।इस प्रकार का आयोजन न केवल विज्ञान विषय के प्रति रुचि उत्पन्न करता है,बल्कि बच्चों को कर-करके सीखने की दिशा में भी प्रेरित करता है।




