सप्त दिवसीय विराट रुद्र महायज्ञ एवं संत सम्मेलन में सम्मिलित हुए राजेश्री महन्त जी

महामंडलेश्वर राजेश्री महन्त रामसुन्दर दास जी महाराज बिलासपुर जिले के बिल्हा विकासखंड अंतर्गत स्थित भुलकेश्वर महादेव ग्राम धौराभाठा में आयोजित सप्त दिवसीय विराट रुद्र महायज्ञ एवं संत सम्मेलन में सम्मिलित हुए। यहां पहुंचने पर क्षेत्र वासियों के द्वारा बहुत ही आत्मीयता पूर्वक भजन कीर्तन के साथ महाराज जी की अगवानी की गई। यज्ञ स्थल पर पहुंचकर राजेश्री महन्त जी महाराज ने भगवान भोलेनाथ की विधिवत पूजा अर्चना की, यज्ञ में भाग ले रहे आचार्य गण का सम्मान किया एवं अपने आशीर्वचन संदेश में कहा कि -मनियारी नदी के तट पर विराजित भगवान भुलकेश्वर महादेव का यह मंदिर अति प्राचीन है, यहां विगत अनेक वर्षों से आप सभी विराट रुद्र महायज्ञ एवं संत सम्मेलन का आयोजन कर रहे हैं। भगवान शिव जी एवं माता पार्वती संपूर्ण जगत के माता-पिता हैं। श्री रामचरितमानस में गोस्वामी तुलसीदास जी महाराज ने लिखा है कि *जगत मातु- पितु शंभू भवानी।* आप सभी मनोयोग से भगवान की सेवा कर रहे हैं उनकी असीम कृपा आप सभी क्षेत्र वासियों पर बनी रहे यही ईश्वर से कामना है। उन्होंने आगे कहा कि- यद्यपि अभी शिवरीनारायण एवं राजिम का मेला चल रहा है उन दोनों ही स्थान की सेवा करने का सौभाग्य मेरे इस शरीर को प्राप्त है। अत्यधिक व्यस्तता के पश्चात भी यहां उपस्थित हो सका यह मेरा सौभाग्य है। उन्होंने आयोजन समूह को धन्यवाद के साथ आशीर्वाद प्रदान किया। इस अवसर पर विशेष रूप से रेखेंद्र तिवारी, राजेश तंबोली, कैलाश सिंह ठाकुर, दिनेश जायसवाल, विमल दुबे,विनोद दुबे, अशोक पांडे,अनिल उपाध्याय, मनोज यादव, हर्ष दुबे, मीडिया प्रभारी निर्मल दास वैष्णव सहित अनेक गणमान्य नागरिक गण उपस्थित थे।