जांजगीर-चांपा के खोखरा ग्राम में 17 नवंबर से सजेगा श्रीमद्भागवत कथा का भव्य आयोजन

युवा आचार्य अभिषेक चतुर्वेदी करेंगे कथा वाचन
जांजगीर-चांपा। जिले के खोखरा ग्राम में भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति और आध्यात्मिक ज्ञान की अविरल धारा बहने जा रही है। यहां 17 नवंबर से 26 नवंबर 2026 तक भव्य श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ एवं वार्षिक श्राद्ध का आयोजन किया जाएगा। इस धार्मिक आयोजन में युवा कथा वाचक पं. अभिषेक चतुर्वेदी अपने मुखारविंद से श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत कथा का रसपान कराएंगे।
आयोजन के आमंत्रण पत्र के अनुसार, कथा में उपाचार्य के रूप में वीरेंद्र चतुर्वेदी एवं अमन मिश्रा भी शामिल रहेंगे। आयोजन के दौरान प्रतिदिन सुबह 8 बजे पूजन किया जाएगा। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से सपरिवार एवं इष्ट मित्रों सहित शामिल होकर इस महायज्ञ को सफल बनाने तथा धर्मलाभ लेने की अपील की है।
दस दिनों तक होंगे भगवान की लीलाओं के विविध प्रसंग
कथा के प्रथम दिन 17 नवंबर को घट स्थापना, शोभा कलश यात्रा एवं गोवर्धन पूजन लीला चरित्र के साथ आयोजन का शुभारंभ होगा। 18 नवंबर को शुकदेव जन्म एवं परीक्षित जन्म, 19 नवंबर को कपिल अवतार, शिवसती चरित्र एवं ध्रुव कथा सुनाई जाएगी।
इसी क्रम में 20 नवंबर को प्रह्लाद चरित्र, अजामिल कथा, भरत चरित्र एवं नरसिंह अवतार, 21 नवंबर को समुद्र मंथन, वामन अवतार, रामचरित्र एवं कृष्ण जन्म के प्रसंग होंगे।
22 नवंबर को श्रीकृष्ण लीला, गोवर्धन पूजा, छप्पन भोग एवं रुक्मिणी विवाह का आयोजन होगा। वहीं 23 नवंबर को रासलीला एवं सुदामा चरित्र, 24 नवंबर को सुभद्रा हरण, कालिया दमन सहित अन्य प्रसंगों का वर्णन किया जाएगा।
25 नवंबर को गीता सहित विभिन्न धार्मिक प्रसंगों का वर्णन होगा। वहीं 26 नवंबर को वार्षिक श्राद्ध, ब्राह्मण भोजन एवं आत्मभोज के साथ धार्मिक आयोजन का समापन होगा।
श्रद्धालुओं से शामिल होने की अपील
आयोजन समिति की ओर से क्षेत्र के समस्त धर्मप्रेमी नागरिकों, श्रद्धालुओं एवं कृष्ण भक्तों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर श्रीमद्भागवत कथा श्रवण करने और पुण्य लाभ अर्जित करने का आग्रह किया गया है।




