Uncategorized

जिला जांजगीर-चांपा में विद्यार्थी विज्ञान मंथन (वीवीएम) होगा क्रियान्वित

राज्य समन्वयक डॉ. शरद कौशिक के साथ जिले के समन्वयकों ने जिला कलेक्टर से की मुलाकात

विद्यार्थी विज्ञान मंथन, राष्ट्रीय स्तर का विज्ञान प्रतिभा खोज कार्यक्रम, अब जिला जांजगीर-चांपा में भी क्रियान्वित किया जाएगा। इस संबंध में प्रदेश सचिव छत्तीसगढ़ विज्ञान भारती एवं प्रदेश समन्वयक विद्यार्थी विज्ञान मंथन छत्तीसगढ़ डॉ. शरद कौशिक के नेतृत्व में जिला कलेक्टर माननीय जनमेजय महोबे से सौजन्य मुलाकात की गई।

इस अवसर पर डॉ. शेख शाहिद (डायरेक्टर, योग एवं खेल विभाग, चौकसे ग्रुप ऑफ कॉलेजेस), जिला समन्वयक श्री राजेन्द्र जायसवाल, जिला सहायक समन्वयक डॉ. रविन्द्र द्विवेदी एवं श्री भुवनेश्वर देवांगन, तथा ब्लॉक समन्वयक बलौदा श्री लक्ष्मीनारायण तिवारी उपस्थित रहे।

डॉ. कौशिक ने कलेक्टर महोदय को विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि विद्यार्थी विज्ञान मंथन, राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (NCERT), शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार तथा राष्ट्रीय विज्ञान संग्रहालय परिषद (NCSM), संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से संचालित एक राष्ट्रीय कार्यक्रम है। इसका मुख्य उद्देश्य छात्रों में विज्ञान के प्रति रुचि उत्पन्न करना, वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना एवं विज्ञान तथा प्रौद्योगिकी में भारत के योगदान से उन्हें अवगत कराना है।

यह कार्यक्रम कक्षा 6 से 11 तक के छात्रों के लिए भारत की सबसे बड़ी विज्ञान प्रतिभा खोज परीक्षा है। इसके माध्यम से छात्रों को प्रयोगात्मक प्रशिक्षण, कार्यशालाएं, वैज्ञानिक प्रतियोगिताएं एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे वे विज्ञान के क्षेत्र में अग्रसर हो सकें।

जिले में इस कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु सभी शैक्षणिक संस्थानों का पंजीयन किया जाएगा तथा जिला स्तर पर प्रशिक्षण शिविर आयोजित कर शिक्षक एवं छात्रों को कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी।

जिला कलेक्टर श्री जनमेजय महोबे ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे जिले में शीघ्र क्रियान्वित करने की सहमति दी और इसे छात्रों की प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने हेतु अत्यंत उपयोगी बताया।

इस अवसर पर विद्यार्थी विज्ञान मंथन की राज्य एवं जिला टीम द्वारा कलेक्टर महोदय को गुलदस्ता भेंट कर स्वागत, अभिनंदन किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button