Uncategorized

12 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद शिक्षकों को मिली प्राचार्य पदोन्नति

छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ ने किया मुख्यमंत्री और शासन का आभार व्यक्त

छत्तीसगढ़ के शिक्षकों के लिए आज का दिन अत्यंत हर्ष और गौरव का रहा। विगत 12 वर्षों से प्राचार्य पदोन्नति की बाट जोहते शिक्षकों को अंततः वह सुखद समाचार मिला, जिसका वे लंबे समय से इंतजार कर रहे थे। हाईकोर्ट द्वारा स्टे हटाए जाने के साथ ही प्रदेश भर के शिक्षकों में उल्लास की लहर दौड़ गई है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ के प्रांताध्यक्ष श्री संजय ठाकुर एवं जिलाध्यक्ष श्री टिकेश ठाकुर ने बताया कि वर्ष 2013 के पश्चात राज्य में किसी भी शिक्षक को प्राचार्य के पद पर पदोन्नति नहीं दी गई थी। फलस्वरूप, 90 प्रतिशत से अधिक हाई स्कूल प्राचार्य विहीन हो चुके थे। संस्था प्रमुखों की अनुपस्थिति के कारण न केवल अनुशासन प्रभावित हो रहा था, बल्कि शिक्षण गुणवत्ता पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा था।

श्री ठाकुर ने बताया कि सैकड़ों शिक्षक जो इस पद के लिए पूर्णतः योग्य एवं पात्र थे, वर्षों तक प्रतीक्षा करते-करते या तो सेवानिवृत्त हो गए अथवा दिवंगत हो गए। वर्तमान सरकार के गठन के पश्चात शिक्षक संघ ने शीघ्र प्राचार्य पदोन्नति की मांग को लेकर मुख्यमंत्री एवं शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से गंभीर एवं सारगर्भित चर्चा की थी। मुख्यमंत्री ने इस मांग को सकारात्मक रूप से स्वीकार करते हुए संबंधित विभाग को आदेश जारी करने निर्देशित किया।

इसका प्रत्यक्ष परिणाम यह रहा कि 30 अप्रैल 2024 को लगभग 3000 शिक्षकों को प्राचार्य पद पर पदोन्नत किया गया। हालांकि कुछ शिक्षकों द्वारा न्यायालय में याचिका दायर किए जाने से यह प्रक्रिया अस्थायी रूप से रुक गई थी। शासन द्वारा न्यायालय में ठोस पक्ष रखने के पश्चात स्टे हट गया और वर्षों पुरानी मांग अंततः पूरी हो गई।

इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ ने मुख्यमंत्री, शिक्षा सचिव, शिक्षा संचालक एवं शासन का हार्दिक आभार व्यक्त किया है।
संघ ने यह भी आग्रह किया है कि प्राचार्य पदस्थापना में पूर्ण पारदर्शिता रखी जाए, जिससे लेन-देन और भ्रष्टाचार जैसी आशंकाओं पर रोक लगाई जा सके। संघ ने त्रुटिरहित, निष्पक्ष पदस्थापना प्रक्रिया हेतु शासन को एक ठोस सुझाव भी प्रेषित किया है।

शासन एवं सरकार के कर्मचारी अधिकारी हित में एतिहासिक निर्णय के प्रति आभार व्यक्त करने वालों में छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ के प्रमुख रूप से प्रांताध्यक्ष श्री संजय ठाकुर,प्रमुख संगठन मंत्री श्री ओंकार सिंह कार्यकारी प्रांताध्यक्ष श्री उमेश भारती गोस्वामी,प्रांतीय महामंत्री श्री मनोज राय,प्रांतीय कोषाध्यक्ष  श्री गया राम राजवाड़े,प्रांतीय उपाध्यक्ष श्री टेकराम सेन एवं डॉ. अशोक गुप्ता, पूर्व प्रांतीय महामंत्री हरिराम जायसवाल, प्रांतीय मंत्री  श्री भुवनेश्वर देवांगन, संभागीय सचिव प्रमोद हंसराज,जांजगीर-चांपा जिला अध्यक्ष श्री धन्य कुमार पाण्डेय
जिला सचिव श्री विजय थवाईत,जिला उपाध्यक्ष श्री राजेन्द्र जायसवाल, श्री सुकदेव सिंह सिदार, जिला कोषाध्यक्ष नारायण प्रसाद सूर्यवंशी, प्रांतीय मीडिया प्रभारी – डॉ. रविन्द्र द्विवेदी,जिला कार्यकारिणी सदस्य श्री नारायण साहू, कुमार सिंह राज,निशा पटेल, राधा चौहान, विनोद पांडेय, अभिषेक काल्विन,प्रदीप श्रीवास,लोमस श्रीवास,श्री लक्ष्मीनारायण तिवारी, श्री जय तिवारी, श्री राजेश बरेठ आदि सम्मिलित हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button