51 कुंण्डीय श्री रामचरितमानस महायज्ञ हेतु भूमि पूजन एवं ध्वजारोहण

6 से 12 जनवरी 2026 को संपन्न होगा विराट आयोजन चतुर्भुज सिरकट्टी आश्रम कुटेना, गरियाबंद में
51 कुण्डीय श्री रामचरितमानस महायज्ञ हेतु भूमि पूजन एवं ध्वजारोहण का कार्यक्रम पौष कृष्ण तृतीया तद्नुसार 7 दिसंबर 2025 को मुख्य अतिथि महामंडलेश्वर राजेश्री महन्त रामसुन्दर दास जी महाराज एवं कार्यक्रम के अध्यक्ष राजिम विधायक रोहित साहू जी की गरिमामय उपस्थिति में संपन्न हुआ। अतिथियों का स्वागत आश्रम के महन्त महामंडलेश्वर संत सिया गोवर्धन शरण जी महाराज एवं उनके सहयोगियों ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालु भक्तों को संबोधित करते हुए राजेश्री महन्त जी महाराज ने कहा कि- हम सभी का सौभाग्य है राजिम क्षेत्र के चतुर्भुज सिरकट्टी आश्रम कुटेना में संत सिया भुवनेश्वरी शरण जी महाराज ने अयोध्या से पधार कर यहां के जन-जन में भगवान राम के प्रति श्रद्धा एवं भक्ति जागृत किया। उनके पद चिन्हों पर चलते हुए गोवर्धन शरण जी महाराज ने भव्य मंदिर का निर्माण आप सभी के अंशदान से किया है, 51 कुण्डीय श्री रामचरितमानस महायज्ञ का आयोजन यहां होगा। हमारे पूर्वजों ने काफी कष्ट सहकर अयोध्या में राम लला का भव्य मंदिर बनाया है, उसी तर्ज पर यहां भी ध्वजारोहण और कलश स्थापना होगी यह हमारे लिए गौरव का विषय है। कार्यक्रम के अध्यक्ष विधायक साहू जी ने कहा कि – हमारे संत श्री गोवर्धन शरण दास जी महाराज पूरे प्रदेश में सनातन संस्कृति को बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं, प्रभु राम के प्रति हम सब की आस्था है किंतु कुछ ऐसे भी परिवार हैं जिन्हें सनातन संस्कृति से जोड़ने की आवश्यकता है। इस क्षेत्र में श्री रामचरितमानस महायज्ञ को आयोजित कर लोगों को सनातन संस्कृति से जोड़ने का सराहनीय कार्य हो रहा है। भगवान के प्रति आस्था जगाने का कार्य पूज्य महाराज जी ने किया है। इस आश्रम के लिए पैसे की कमी नहीं है। उन्होंने 10 लख रुपए भवन निर्माण हेतु देने की घोषणा की और मुख्यमंत्री को कार्यक्रम में लाने हेतु लोगों को आस्वस्थ किया। आश्रम के प्रमुख महन्त जी ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त की । इस अवसर पर विशेष रूप से गौरीशंकर कश्यप, श्रीमती शिवांगी चतुर्वेदी, इंद्रजीत महाड़िक, नंदिनी ओंकार साहू, श्रीमती मीना डेमू साहू, टीकाराम कंवर, इंद्राणी नेहरू, श्रीमती मीरा ठाकुर, श्रीमती राखी साहू, श्रीमती गणेशी बाई दीवान, मीडिया प्रभारी निर्मल दास वैष्णव, हर्ष दुबे सहित अनेक जन प्रतिनिधि एवं श्रद्धालु भक्तगण, संत महात्मा बड़ी संख्या में उपस्थित थे। गुरुकुल आश्रम के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया।




