ग्राम करही में खुला पुलिस सहायता केंद्र, SP श्री विजय कुमार पाण्डेय एवं श्री प्रफुल्ल ठाकुर ने किया शुभारंभ

24 घंटे मिलेगी त्वरित मदद, अपराध नियंत्रण को मिली नई ताकत
जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणों की मौजूदगी में हुआ लोकार्पण, शक्ति जिले के SP श्री प्रफुल्ल ठाकुर, ASP जांजगीर श्री उमेश कश्यप संयुक्त कलेक्टर सक्ति अरुण सोम सहित बिर्रा सरपंच एवं करही सरपंच भी रहे उपस्थित
असामाजिक तत्वों में बढ़ेगा कानून का खौफ, स्टाफ को संवेदनशीलता के निर्देश
05 जून विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पुलिस सहायता केंद्र में जनप्रतिनिधियों एवं पुलिस अधिकारियों द्वारा बृहद स्तर पर वृक्षारोपण किया गया
जिले के थाना बिर्रा क्षेत्र के ग्राम करही में बढ़ते अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने और आमजन को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ग्राम करही में पुलिस सहायता केंद्र का शुक्रवार को SP जांजगीर चांपा द्वारा भव्य शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर शक्ति जिले के SP श्री प्रफुल्ल ठाकुर एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जांजगीर श्री उमेश कुमार कश्यप भी उपस्थित रहे।
पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय IPS ने विधिवत फीता काटकर सहायता केंद्र का उद्घाटन किया। इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, सरपंच, पंचगण एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अब मौके पर मिलेगी मदद
एसपी श्री पाण्डेय ने कहा कि यह केंद्र बिर्रा क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था को और सुदृढ़ करेगा। अब ग्रामीणों को छोटी-बड़ी घटना की सूचना देने या पुलिस मदद के लिए थाना-चौकी तक नहीं जाना पड़ेगा। पुलिस सहायता केंद्र से अपराधों पर त्वरित कार्रवाई होगी और असामाजिक तत्वों में कानून का खौफ बढ़ेगा।
24 घंटे तैनात रहेगा पुलिस बल
पुलिस सहायता केंद्र में 24 घंटे पुलिस बल की तैनाती रहेगी ताकि आमजन को तत्काल सहायता मिल सके। ग्रामीणों ने पुलिस की इस पहल का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के लिए बड़ी सौगात बताया।
शुभारंभ के बाद एसपी जांजगीर श्री विजय कुमार पाण्डेय, शक्ति जिले के SP श्री प्रफुल्ल ठाकुर एवं एएसपी श्री उमेश कुमार कश्यप ने पुलिस सहायता केंद्र का निरीक्षण कर स्टाफ को जनता से संवेदनशील व्यवहार करने और हर शिकायत पर त्वरित एक्शन लेने के निर्देश दिए।




