भीषण गर्मी से राहत पाने युवक का अनोखा नवाचार, मोटरसाइकिल पर बनाई पत्तों की छतरी

भीषण गर्मी और तेज धूप से परेशान होकर खोखरा स्कूल चौक निवासी युवा व्यवसायी रामकिशोर देवांगन ने एक अनोखा और आकर्षक नवाचार किया है। मूल रूप से मोटरसाइकिल रिपेयरिंग का कार्य करने वाले रामकिशोर ने अपनी सूझबूझ और तकनीकी समझ का उपयोग करते हुए मोटरसाइकिल के ऊपर हरे पत्तों की छतरीनुमा छाया तैयार कर दी है, जो अब लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।
रामकिशोर ने मोटरसाइकिल के दोनों तरफ मजबूत एंगल फिट कर उसके ऊपर हरे पत्तों और टहनियों को इस तरह लगाया है कि चलते समय बाइक चालक को तेज धूप से राहत मिल सके। यह देसी जुगाड़ देखने में जितना अनोखा है, उतना ही उपयोगी भी साबित हो रहा है। सड़क पर निकलते ही लोगों की नजर इस खास मोटरसाइकिल पर टिक जाती है और कई लोग रुककर इसकी तस्वीरें भी ले रहे हैं।
रामकिशोर देवांगन ने बताया कि इन दिनों पड़ रही भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान से काफी परेशानी हो रही थी। बाइक से रोजाना काम पर आने-जाने के दौरान धूप सीधे सिर और शरीर पर पड़ती थी, जिससे बचने के लिए उन्होंने यह नया प्रयोग किया। उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह कम खर्च में तैयार किया गया उपाय है और इससे काफी राहत मिल रही है।
क्षेत्र के लोगों ने भी रामकिशोर के इस नवाचार की सराहना की है। लोगों का कहना है कि जहां एक ओर भीषण गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ा रही है, वहीं इस तरह के देसी उपाय लोगों को नई सोच और नवाचार के लिए प्रेरित कर रहे हैं। रामकिशोर की यह अनोखी मोटरसाइकिल अब इलाके में आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।




